बरेली: तिरुपति धाम कॉलोनी में मौत को दावत दे रहे बिजली के पोल, सड़कों पर फैला हाई वोल्टेज तारों का 'मकड़जाल'
उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित सुभाष नगर बदायूं रोड की तिरुपति धाम कॉलोनी की मुख्य सड़क पर जर्जर लोहे के खंभे और झूलते हाई वोल्टेज तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। निवासियों की शिकायतों के बाद भी बिजली विभाग बेखबर है। जानिए पूरी खबर।
जनवार्ता लाइव
बरेली।
स्मार्ट सिटी की होड़ में शामिल बरेली शहर की एक घनी आबादी वाली कॉलोनी में इन दिनों खौफ का साया है। मामला सुभाष नगर बदायूं रोड स्थित 'तिरुपति धाम कॉलोनी' का है, जहाँ की मुख्य सड़क से गुजरना अब किसी खतरे से खाली नहीं रह गया है।
कॉलोनी की मुख्य सड़क के बिल्कुल बीचों-बीच लोहे के बिजली के खंभे खड़े हैं, जिन पर हाई वोल्टेज तारों का ऐसा उलझा हुआ 'मकड़जाल' फैला है कि देखकर ही राहगीरों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। बारिश के दिनों में या तेज हवा चलने पर इन ढीले और लटकते तारों से चिंगारियां उठना आम बात हो गई है।
हर समय मंडराता रहता है अनहोनी का डर
कॉलोनीवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग होने के कारण यहाँ से दिनभर बच्चों, बुजुर्गों और वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। लोहे के खंभे होने की वजह से नमी के दिनों में इनमें करंट उतरने की संभावना बनी रहती है। लटकते तारों की वजह से हर पल किसी बड़ी अप्रिय घटना या बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं।
प्रशासनिक अनदेखी से गुस्साए लोग
तिरुपति धाम कॉलोनी के निवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया है। लोगों ने मांग की है कि इन खतरनाक तारों को कसकर व्यवस्थित किया जाए और इंसुलेटेड (ABC) केबल बिछाकर कॉलोनी को सुरक्षित किया जाए। हालांकि, विभागीय उदासीनता का आलम यह है कि शिकायतों के बाद भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।