UPTET 2026: परीक्षा दो पर छुट्टी नहीं मिलेगी, बरेली BSA का शिक्षकों को 'अनोखा' आशीर्वाद!

बरेली जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को UPTET 2026 में बैठने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन ऐसी अजीबोगरीब शर्तों के साथ जिसे पढ़कर आप भी अपना माथा पीट लेंगे।

UPTET 2026: परीक्षा दो पर छुट्टी नहीं मिलेगी, बरेली BSA का शिक्षकों को 'अनोखा' आशीर्वाद!
जनवार्ता लाइव

जनवार्ता लाइव

बरेली।

उत्तर प्रदेश का शिक्षा विभाग आए दिन अपने 'क्रांतिकारी' फैसलों के लिए मशहूर रहता है। ताजा मामला बरेली का है, जहां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) महोदया ने परिषदीय शिक्षकों पर ऐसी 'कृपा' बरसाई है कि बेचारे गुरुजी समझ नहीं पा रहे कि हंसें या रोएं!

दरअसल, शिक्षकों ने UPTET-2026 में शामिल होने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा था। विभाग ने दिल बड़ा करते हुए अनुमति दे भी दी, लेकिन 'टर्म्स एंड कंडीशंस' के कड़क तड़के के साथ। शर्तें ऐसी हैं कि कोई भी उन्हें नोबेल पुरस्कार दिलवा दे!

पहली शर्त- मास्टर साहब स्कूल अवधि में परीक्षा की कतई तैयारी नहीं करेंगे। दूसरी और सबसे जादुई शर्त- "परीक्षा के लिए कोई विशेष अवकाश नहीं दिया जाएगा।" अब सवाल यह है कि क्या शिक्षक सुपरमैन बनकर उड़ते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे? या फिर स्कूल में बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते टेलीपैथी से एग्जाम देंगे?

तीसरी शर्त तो सीधे 'ब्रह्मास्त्र' है- "परीक्षा से विद्यालय के कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हुआ, तो अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।" वाह! मतलब परीक्षा देने भी जाओ और स्कूल का काम भी न रुके! यह तो बिल्कुल वही बात हो गई कि 'बेटा, पानी में खूब तैरो, बस तुम्हारे कपड़े गीले नहीं होने चाहिए।'

कुल मिलाकर, बरेली का यह कार्यालय आदेश नौकरशाही के अति-आदर्शवाद का एक नायाब नमूना है। शिक्षक भी अब यही सोच रहे होंगे कि विभाग की इस 'सशर्त आज़ादी' से तो अच्छा था कि हमें एनोसी ही न मिलती!