एंटी पावर थेफ्ट थाने का दरोगा छह हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार विजिलेंस टीम ने बदायूं में बिछाया जाल

बदायूं के एंटी पावर थेफ्ट थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर कृष्णपाल सिंह को बरेली भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस) की टीम ने ६,००० रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बिजली चोरी के मुकदमे में राहत देने के एवज में यह घूस मांगी थी।

एंटी पावर थेफ्ट थाने का दरोगा छह हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार विजिलेंस टीम ने बदायूं में बिछाया जाल
जनवार्ता लाइव

जनवार्ता लाइव

बदायूं / बरेली।

 उत्तर प्रदेश शासन की भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टोलरेंस' नीति के तहत बरेली विजिलेंस की टीम ने बदायूं में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एंटी पावर थेफ्ट (बिजली चोरी निरोधक) थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर (दरोगा) को विभाग के ही परिसर में रिश्वत की रकम गिनते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।

 

*बिजली चोरी के केस में मांगी थी घूस*

मामला बदायूं जनपद का है। अलापुर क्षेत्र के ग्राम नैथू निवासी हेमराज पुत्र पूरनलाल के खिलाफ बिजली चोरी का एक मुकदमा दर्ज था। इस मुकदमे की विवेचना एंटी पावर थेफ्ट थाने के सब इंस्पेक्टर कृष्णपाल सिंह (पुत्र स्वर्गीय दुन्दीलाल, निवासी ग्राम करतौली, फतेहगंज पूर्वी, बरेली) कर रहे थे। दरोगा कृष्णपाल सिंह ने हेमराज को जेल न भेजने और मुकदमे का रफा-दफा करने के नाम पर 6000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित हेमराज ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस) बरेली से कर दी।

**विजिलेंस टीम ने दबोचा**

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस के आलाधिकारियों के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। बुधवार दोपहर जैसे ही शिकायतकर्ता हेमराज ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डिवीजन द्वितीय विद्युत वितरण खंड कार्यालय में दरोगा कृष्णपाल सिंह को ६,००० रुपये थमाए, वैसे ही पहले से जाल बिछाकर बैठी विजिलेंस टीम के प्रभारी निरीक्षक रामलाल पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

 

**मुकदमा दर्ज, जेल भेजने की तैयारी**

दरोगा की इस करतूत के बाद विजिलेंस टीम द्वारा आरोपी कृष्णपाल सिंह के खिलाफ थाना सिविल लाइंस, बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है।