रेलवे कर्मचारियों में भारी रोष: जुलाई 2026 के महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा तत्काल करने की मांग
केंद्र सरकार द्वारा जुलाई 2026 के महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा न किए जाने पर एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस (इज्जतनगर मंडल) ने गहरी नाराजगी जताई है। संगठन ने अविलंब डीए घोषित कर एरियर भुगतान की मांग की है।
जनवार्ता लाइव
इज्जतनगर।
केंद्र सरकार द्वारा अक्टूबर 2026 तक केंद्रीय कर्मचारियों के लिए जुलाई 2026 से देय महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा न किए जाने के बाद रेल कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। इसे लेकर एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस, इज्जतनगर मंडल ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। संगठन का साफ कहना है कि रिकॉर्ड तोड़ महंगाई के इस दौर में समय पर महंगाई भत्ते की घोषणा न होना कर्मचारियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
मंडल मंत्री श्री रजनीश तिवारी ने इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महंगाई भत्ता कर्मचारियों के वेतन का अहम हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य बढ़ती महंगाई के असर को कम करना होता है। आज कर्मचारी अपने परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा और दैनिक खर्चों को चलाने के लिए कड़े संघर्ष से गुजर रहे हैं। ऐसे में डीए की घोषणा में हो रही लगातार देरी कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों को और ज्यादा बढ़ा रही है।
श्री रजनीश तिवारी ने दोटूक शब्दों में स्पष्ट किया कि महंगाई भत्ता कर्मचारियों का हक और उनका अधिकार है, सरकार की तरफ से कोई एहसान नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की है कि जुलाई 2026 से देय महंगाई भत्ते की घोषणा बिना किसी और देरी के अविलंब की जाए और कर्मचारियों को नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभ तथा एरियर का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि संगठन रेल कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी हर जायज मांग को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।