अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: बरेली छावनी में 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' की थीम पर होंगे विविध कार्यक्रम

बरेली छावनी परिषद द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में 108 सूर्य नमस्कार, आध्यात्मिक प्रवचन और चन्द्र नमस्कार जैसे विशेष योग कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: बरेली छावनी में 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' की थीम पर होंगे विविध कार्यक्रम
डॉ.तनु जैन, सीईओ, कैंट
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: बरेली छावनी में 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' की थीम पर होंगे विविध कार्यक्रम

जनवार्ता लाइव

बरेली।

आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर बरेली छावनी परिषद द्वारा योग फॉर हेल्दी एजिंग की थीम पर आधारित कई भव्य योग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन सभी विशेष कार्यक्रमों की परिकल्पना और रूपरेखा बरेली छावनी परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. तनु जैन द्वारा तैयार की गई है।

छावनी परिषद की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, योग दिवस को खास बनाने के लिए पूरे दिन में तीन प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:

108 सूर्य नमस्कार चैलेंज: दिन की शुरुआत प्रातः 6:00 बजे मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में सामूहिक योग प्रोटोकॉल और '108 सूर्य नमस्कार चैलेंज' के साथ होगी। इस सत्र के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह होंगे। इस कार्यक्रम में छावनी क्षेत्र के नागरिक, सैन्य अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे।

आध्यात्मिक प्रवचन और ओम् ध्वनि: दूसरा कार्यक्रम दोपहर 1:00 बजे कारगिल हॉल में आयोजित होगा। इस विशेष सत्र में ओम् ध्वनि (OMA) के अभ्यास के साथ "योग फॉर हेल्दी एजिंग" विषय पर प्रवचन दिया जाएगा, जिसमें बढ़ती उम्र में स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली के महत्व को समझाया जाएगा।

चन्द्र नमस्कार सत्र: दिन का समापन सायंकाल धोपा मंदिर परिसर में 'चन्द्र नमस्कार' कार्यक्रम के साथ होगा। इस सांध्यकालीन सत्र के मुख्य अतिथि बरेली के विधायक श्री संजीव अग्रवाल होंगे।

डॉ. तनु जैन ने बताया कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मानसिक शांति तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। छावनी परिषद की यह पहल "स्वस्थ भारत – विकसित भारत" के राष्ट्रीय संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।