बरेली एनकाउंटर: अर्जुन हत्याकांड का मुख्य आरोपी 'पहाड़ी' पुलिस मुठभेड़ में लंगड़ाया, तमंचा बरामद

बरेली के चर्चित अर्जुन हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी पुलिस पर फायरिंग कर भागते समय मुठभेड़ में घायल। हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद।

जनवार्ता लाइव

बरेली।

दो दिन पहले थाना बारादरी क्षेत्र में हुए दुस्साहसिक अर्जुन हत्याकांड में पुलिस ने ताबड़तोड़ एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। एफसीआई गोदाम के पास हुई इस पुलिसिया कार्रवाई में आरोपी अर्पित उर्फ 'पहाड़ी' के पैर में गोली लगी है। हालांकि, उसका साथी कुश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने 'पहाड़ी' के पास से कत्ल में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिया है।

शहर छोड़ने की फिराक में थे कातिल

बीते 15 जून की रात संजयनगर में अर्जुन मौर्य की घर से बुलाकर बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही थाना बारादरी, एसओजी और सर्विलांस की चार टीमें कातिलों की तलाश में खाक छान रही थीं। गुरुवार को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी अर्पित और कुश हारुन नगला रोड से शहर छोड़ने की फिराक में हैं।

फायरिंग का मिला करारा जवाब

सूचना मिलते ही पुलिस ने एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी कर दी। खुद को खाकी से घिरता देख आरोपियों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली अर्पित के पैर को चीरती हुई निकल गई और वह वहीं ढेर हो गया।

पूछताछ में घायल आरोपी ने अर्जुन की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या, पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी कुश की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश तेज कर दी है।