गलत ट्रांसफर हुए ₹20 हजार बरेली पुलिस ने कराए वापस, आंध्र प्रदेश के छात्र ने जताया SSP अनुराग आर्य का आभार
B.Tech छात्र से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में एक अंक गलत दर्ज होने से ₹20,000 दूसरे खाते में चले गए थे। बरेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पूरे रुपये वापस कराए।
गलत खाते में चले गए थे B.Tech की पढ़ाई के ₹20 हजार, बरेली पुलिस की सजगता से छात्र को वापस मिली पूरी रकम
जनवार्ता लाइव
बरेली।
ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल ट्रांजेक्शन के इस दौर में जहां एक छोटी सी चूक आम जनता के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है, वहीं बरेली पुलिस की संवेदनशीलता और तकनीकी तत्परता ने एक बार फिर मिसाल कायम की है। आंध्र प्रदेश के रहने वाले छात्र सिद्धार्थ के गलत खाते में ट्रांसफर हुए 20 हजार रुपये बरेली पुलिस की मदद से सुरक्षित वापस मिल गए हैं।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश निवासी सिद्धार्थ अपनी B.Tech की पढ़ाई के मासिक खर्च के लिए ऑनलाइन माध्यम से ₹20,000 की धनराशि भेज रहे थे। इसी दौरान मोबाइल/खाता संख्या दर्ज करते समय केवल एक अंक गलत टाइप हो गया, जिससे पूरी रकम किसी अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में चली गई। जब सिद्धार्थ ने उक्त व्यक्ति से संपर्क कर अपनी स्थिति बताई, तो उसने धनराशि लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
CUG नंबर पर मिली सूचना, SSP के निर्देश पर तुरंत एक्शन
परेशान छात्र सिद्धार्थ ने उम्मीद के साथ बरेली पुलिस के अधिकारिक CUG नंबर पर संपर्क कर अपनी आपबीती साझा की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई।
पुलिस ने शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर त्वरित तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से संबंधित व्यक्ति की लोकेशन व जानकारी जुटाई। पुलिस टीम ने संबंधित व्यक्ति को बुलाकर पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जांच की।
छात्र ने जताया आभार
शिकायत पूरी तरह सही पाए जाने पर पुलिस ने विधिक व व्यावहारिक मध्यस्थता करते हुए संबंधित व्यक्ति से सिद्धार्थ के पूरे ₹20,000 वापस करा दिए। अपनी पढ़ाई का खर्च वापस मिलने पर भावुक हुए छात्र सिद्धार्थ ने बरेली पुलिस की इस त्वरित कार्यप्रणाली की जमकर तारीफ की और SSP अनुराग आर्य व उनकी पूरी टीम का दिल से आभार व्यक्त किया।
बरेली पुलिस का यह कदम आम जनता में खाकी के प्रति विश्वास और साइबर व तकनीकी मामलों में पुलिस की बढ़ती दक्षता का बेहतरीन उदाहरण है।