इज्जतनगर मंडल की शानदार पहल: रिटायरमेंट के दिन ही कर्मचारियों को मिली पदोन्नति की सौगात
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 3 राजपत्रित अधिकारियों सहित 40 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। डीआरएम वीणा सिन्हा के निर्देश पर शुरू की गई नई पहल के तहत, रिक्त हुए पदों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को प्रमोशन भी दिया गया।
जनवार्ता लाइव
बरेली।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने कर्मचारी हित में एक बेहद शानदार और प्रेरक पहल की शुरुआत की है। अब मंडल में सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) के कारण जो पद रिक्त होते हैं, उन पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति (प्रमोशन) का तोहफा दिया जा रहा है। इस समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना है।
इसी कड़ी में, 30 जून को अधिकारी क्लब में एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस माह रेलवे में अपनी निष्ठावान सेवा देने के बाद 3 राजपत्रित अधिकारियों— वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक श्री ओ.पी. मीना, उप मुख्य इंजीनियर श्री ए.के. सिंह और सहायक परिचालन प्रबंधक श्री अनिल कुमार— सहित कुल 37 कर्मचारियों ने रेलवे से विदाई ली।
इस भावुक अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सुश्री वीणा सिन्हा ने सभी 40 सेवानिवृत्त कर्मियों को समापक राशि (सेटलमेंट ड्यूज), मेडिकल कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज सौंपे। डीआरएम सुश्री सिन्हा ने रिटायर हो रहे कर्मचारियों के सुखमय भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की भी अपील की।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह ने नई प्रमोशन नीति की जानकारी देते हुए बताया कि इस माह भी अनेक कर्मचारियों को इसका लाभ दिया गया है। समारोह में एडीआरएम श्री मनोज कुमार, सीएमएस डॉ. यू.एस. नाग सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी और कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे।