बरेली में चीख-पुकार! दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पलटी बेकाबू निजी बस, डेढ़ साल के मासूम समेत 50 से अधिक यात्री घायल
बरेली के सीबीगंज में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर तड़के सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से पीलीभीत लौट रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 50 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
जनवार्ता लाइव
बरेली।
दिल्ली से पीलीभीत के पूरनपुर लौट रहे यात्रियों के लिए गुरुवार की सुबह किसी बुरे सपने जैसी साबित हुई। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली हाईवे के पास तड़के करीब चार बजे एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। बस पलटते ही चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इस भीषण हादसे में 50 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 25 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
इलाज कराकर लौट रहे डेढ़ साल के मासूम का टूटा हाथ, मां की हालत नाजुक
इस हादसे में कई परिवार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पीलीभीत के पूरनपुर (शेरपुर गांव) निवासी मोहम्मद परवेज ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी नगमा, सास सलमा और डेढ़ साल के बेटे फैज का दिल्ली के अस्पताल से इलाज करवाकर लौट रहे थे। इस हादसे में मासूम फैज का सीधा हाथ टूट गया और वह बेहोश हो गया, जबकि परवेज की पत्नी नगमा को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। परवेज खुद भी इस हादसे में जख्मी हुए हैं।
बस किसी गाड़ी से नहीं टकराई, अचानक पलट गई। ऐसा लगा जैसे ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई हो।
— नगमा, घायल यात्री
*पुलिस ने शीशे तोड़कर बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल और नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी है।