बरेली में भीषण गर्मी का कहर: 1 से 8वीं तक के स्कूलों के समय में हुआ बड़ा बदलाव, जानें नई टाइमिंग
बरेली में हीटवेव के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सभी बोर्ड के स्कूलों (कक्षा 1 से 8) का समय बदल दिया है। अब स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक ही चलेंगे।
जनवार्ता लाइव
बरेली।
बरेली में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बेहद अहम और राहत भरा फैसला लिया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को रोकने के लिए, जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव का आधिकारिक आदेश जारी किया है।
नए आदेश के अनुसार, जनपद बरेली में संचालित कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों का समय अब प्रातः 07:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक लागू रहेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सीबीएसई, आईसीएसई परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त और अन्य सभी बोर्ड के विद्यालयों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा। शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन के इस फैसले से चिलचिलाती धूप में स्कूल जाने वाले नौनिहालों और उनके अभिभावकों को एक बड़ी राहत मिली है।