बरेली में खाकी दागदार! उपनिरीक्षक पर लगा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और लाखों की ठगी का संगीन आरोप; पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
बरेली के बारादरी थाने में एक महिला ने पुलिस उपनिरीक्षक नरेश बाबू पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, जबरन गर्भपात कराने, 8 लाख के जेवर व नगदी हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
जनवार्ता लाइव
बरेली।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से खाकी को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पीड़िता ने पुलिस उपनिरीक्षक नरेश बाबू पर शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करने, जबरन गर्भपात कराने और लाखों रुपये की ठगी करने का बेहद संगीन आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता पूजा वैश्य वर्ष 2022 से अपने पति से विवाद के बाद अलग रह रही थी। साल 2025 में जब वह अपने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने बारादरी थाने गई, तो वहां उसकी मुलाकात उपनिरीक्षक नरेश बाबू से हुई। आरोप है कि मदद का भरोसा देकर नरेश बाबू ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और नौकरी लगवाने व पत्नी से तलाक का नाटक रचकर सहानुभूति हासिल कर ली।
इसके बाद अगस्त 2025 में आरोपी ने पीड़िता के घर पर उसकी सहमति के बिना जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर शादी का वादा किया और बाद में कांकर टोला चौकी के एक सरकारी क्वार्टर में भी उसका शोषण करता रहा। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के घर से करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए और अलग-अलग किश्तों में 3.25 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
हद तो तब हो गई जब मई 2026 में महिला के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी दरोगा, उसकी पत्नी शीला रानी और बेटों (संदीप व कबीर) ने उसके घर में घुसकर मारपीट की और पुलिसिया हनक दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल, पीड़िता ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से आरोपी दरोगा और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।