गुरुजी से 'सॉरी' बोलने पर उखड़ा छात्र: पुलिस चौकी में ही काट दिया गदर, खाकी पर झपटे मनचले!
बरेली के बहेड़ी में शिक्षिका से छेड़छाड़ और शिक्षक से मारपीट के आरोपी छात्र ने हद पार कर दी। पुलिस चौकी में जब 'सॉरी' बोलने को कहा गया, तो आरोपी छात्र भड़क उठा और पुलिसकर्मियों पर हमला कर चौकी फूंकने की धमकी दे डाली। पुलिस ने एक को दबोचा।
जनवार्ता लाइव
बरेली।
गुरु-शिष्य की परंपरा को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात में, शिक्षक से माफी मांगने की बात पर एक छात्र इस कदर भड़क गया कि उसने पुलिस चौकी को ही जंग का मैदान बना दिया। समझौते के दौरान 'सॉरी' कहने की बात सुनते ही छात्र का पारा चढ़ गया और उसने शिक्षक को धक्का देते हुए पुलिसकर्मियों पर ही हमला बोल दिया। इस बीच किसी ने 'चौकी फूंकने' की धमकी तक दे डाली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय का है। जानकारी के मुताबिक, कक्षा आठ का एक छात्र आए दिन स्कूल में शिक्षकों से अभद्रता करता था। जब स्कूल प्रशासन ने उसे सुधारने का प्रयास किया, तो वह सुधरने के बजाय रंजिश रखने लगा।
आरोप है कि छात्र अपने दो दबंग साथियों के साथ गांव की पुलिया पर जा पहुंचा। वहां से गुजर रहे एक शिक्षक के साथ आरोपियों ने मारपीट की और बस का इंतजार कर रही एक शिक्षिका के साथ सरेराह छेड़छाड़ कर डाली।
चौकी में बना 'हाईवोल्टेज ड्रामा'
घटना से सहमे शिक्षक ने नारायण नगला पुलिस चौकी में तहरीर दी। इसके बाद चौकी प्रभारी अंकित बघेल ने मामले को शांत कराने के लिए शिक्षक और छात्र के साथी संजय के बीच समझौता कराने का प्रयास किया।
बातचीत के दौरान पुलिस ने जब आरोपी छात्र से शिक्षक के पैर छूकर या 'माफी' मांगने को कहा, तो उसका अहं आहत हो गया। छात्र वहीं भड़क उठा और उसने आव देखा न ताव, शिक्षक को धक्का दे दिया। जब पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी छात्र और उसके साथी खाकी पर ही झपट पड़े। इसी आपाधापी में भीड़ से किसी ने 'चौकी फूंक देने' की धमकी दे दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
गाँव में दबिश, एक गिरफ्तार
चौकी में हमले और बवाल की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह और इंस्पेक्टर दिनेश कुमार कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस की टीमों ने फरार छात्र और उसके साथियों की धरपकड़ के लिए उनई मकरूका गांव में देर रात तक ताबड़तोड़ दबिश दी।
"शिक्षक के साथ अभद्रता और पुलिस चौकी में हंगामा करने का मामला बेहद गंभीर है। पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।"
— अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी , बहेड़ी